जैसलमेर के सदर बाजार में गुरुवार रात करीब 8 बजे कपड़ों की दुकान पर चोरी की वारदात हुई। ग्राहक बनकर आए तीन आरोपियों ने बुजुर्ग दुकानदार मुरलीधर सांवल को कपड़े दिखाने में उलझाया और गल्ले के पास रखा एक लाख रुपए नकद से भरा बैग चुरा लिया। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश शुरू की। शहर कोतवाल प्रेमाराम विश्नोई के नेतृत्व में पुलिस ने करीब एक घंटे में तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने उनके पास से चोरी का बैग और एक लाख रुपए की नकदी बरामद की है। कपड़े दिखाने के बहाने उलझाया शहर कोतवाल प्रेमाराम विश्नोई ने बताया- कपड़ा व्यापारी मुरलीधर सांवल की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर पुलिस टीमों का गठन किया गया। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दो संदिग्ध दुकान में आते दिखाई दिए। उन्होंने बुजुर्ग दुकानदार को कपड़ों के थान दिखाने के बहाने बातों में उलझा लिया। इसी दौरान उनके साथी ने गल्ले के पास रखा रुपयों से भरा बैग चुरा लिया। घटना के बाद पुलिस ने बाजार क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की तलाश शुरू की। फुटेज में दिखे हुलिए के आधार पर पुलिस ने ढिब्बा पाड़ा क्षेत्र में दबिश दी। वहां किराए के कमरे में रह रहे तीन आरोपियों को पकड़कर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उनके पास से बैग और एक लाख रुपए बरामद कर लिए गए। चार दिन पहले ही काम के लिए आए थे जैसलमेर पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मकराना निवासी हयात अहमद (38), सफीक अहमद (37) और फिरोज (32) के रूप में हुई है। तीनों आपस में रिश्तेदार हैं। वे चार दिन पहले ही एक ठेकेदार के पास पत्थर की घिसाई और पॉलिश का काम करने के लिए जैसलमेर आए थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी दिन में बाजारों में घूमकर दुकानों की रेकी करते थे। वे ऐसी दुकानों को निशाना बनाते थे, जहां बुजुर्ग दुकानदार या अकेला व्यक्ति बैठा हो। इसके बाद बातचीत में उलझाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने बताया कि आरोपी फिरोज के खिलाफ मकराना थाने में चोरी के कई मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस की कार्रवाई का व्यापारियों ने किया स्वागत सदर बाजार में शाम के समय हुई चोरी की घटना से व्यापारियों में चिंता फैल गई थी। हालांकि, पुलिस ने एक घंटे के भीतर आरोपियों को पकड़कर चोरी की रकम बरामद कर ली। वारदात का खुलासा होने के बाद व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों और शहर के लोगों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस टीम की सराहना की। लोगों ने शहर कोतवाल प्रेमाराम विश्नोई को साफा पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर अभिनंदन किया।