जैसलमेर में आधा अक्टूबर गुजरने और मानसून की विदाई के बाद भी गर्मी कम नहीं हो रही है। आमतौर पर अक्टूबर के महीने में हल्की ठंड की शुरुआत हो जाती है और मौसम सुहाना होने लगता है, लेकिन इस बार तापमान लगातार बढ़ा हुआ है। शहर में लोगों को 24 घंटे के अंदर मौसम के तीन अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। सुबह हल्की ठंड रहती है, दिन में तेज धूप से लोगों को बाहर आने-जाने में समस्या आ रही है, तो वहीं, रात में उमस के कारण पंखे-कूलर बंद होने का नाम नहीं ले रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल अगले चार से पांच दिनों तक राहत की कोई उम्मीद नहीं है और पारे में बढ़ोतरी दर्ज हो सकती है। दिन का तापमान 36 डिग्री तक पहुंचा, रात में थोड़ी राहत जिले में बीते दिनों मौसम का मिला-जुला रूप देखने को मिला है। सोमवार रात को मोहनगढ़ के आसपास के इलाके में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई, लेकिन इस मौसमी बदलाव का असर जैसलमेर शहर में देखने को नहीं मिला। शहर में दिन का अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पिछले कुछ दिनों से पारा लगातार 36 से 38 डिग्री के बीच बना हुआ है। दिन में भले ही तेज गर्मी सताती हो, लेकिन देर रात तापमान में थोड़ी गिरावट आने से लोगों को राहत मिलती है। पंखे-कूलर अभी भी चालू मौसम का सीधा असर आम लोगों के रोजमर्रा के जीवन पर पड़ रहा है। सुबह 6 से 8 बजे तक हल्की ठंडी हवाएं चलने से लोगों को काफी राहत मिलती है। इसके बाद दोपहर 12 से 5 बजे तक सूरज के तेवर तीखे हो जाते हैं और लू जैसा महसूस होने लगता है। रात 8 बजे के बाद हवा बंद होने से उमस का स्तर बढ़ जाता है, जिसके चलते घरों में पंखे और एसी अभी भी पूरी तरह से चल रहे हैं।