बूंदी जिले की नैनवां पंचायत समिति की ग्राम पंचायत जजावर में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (आवास प्लस 2024) की ड्राफ्ट प्राथमिकता सूची (PWL) को लेकर शिकायतें सामने आने के बाद पंचायत समिति नैनवां ने जांच के आदेश जारी किए हैं। जिला कलेक्टर बूंदी के निर्देशों पर विकास अधिकारी, पंचायत समिति नैनवां ने तीन सदस्यीय जांच दल का गठन किया है। इस दल में कनिष्ठ अभियंता नेवालाल गुर्जर, कनिष्ठ अभियंता सत्यवीर और ग्राम विकास अधिकारी सरिता कुम्हार शामिल हैं। दल को प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्धारित मानदंडों के अनुसार सूची में शामिल परिवारों की पात्रता का भौतिक सत्यापन कर तीन दिन के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। गौरतलब है कि ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना की सर्वे सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा था। भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला महामंत्री डॉ. दीक्षांत सोनी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि सूची में अपात्र और संपन्न परिवारों के नाम शामिल किए गए हैं, जबकि कई वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को योजना से वंचित रखा गया है। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि कुछ ऐसे लोगों के नाम भी सूची में हैं, जिनके पास पहले से पक्के मकान हैं या जो पूर्व में योजना का लाभ प्राप्त कर चुके हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि सूची को निरस्त कर निष्पक्ष भौतिक सत्यापन कराया जाए और केवल पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को ही योजना का लाभ दिया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जांच के बाद भी पात्र परिवारों को न्याय नहीं मिला, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।