फलोदी कलेक्टर अंकित सिंह और एसडीएम पूजा चौधरी ने भारतीय जैन संघटना (बीजेएस) के जल संरक्षण अभियान के तहत बिठड़ी गांव में तालाब पुनर्जीवन कार्यों का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण पिछली रात हुई बारिश के बाद तालाब के भर जाने के बाद किया गया। प्रशासन ने बीजेएस द्वारा किए गए तालाब पुनर्जीवन कार्यों की सराहना की। एक ही रात की बारिश में तालाब के पूरी तरह भर जाने से उत्साहित होकर, कलेक्टर ने पूरे जिले में ऐसे कार्यों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। 15 गांवों में तालाब पुनर्जीवन की योजना इस अवसर पर बीजेएस के चैप्टर अध्यक्ष मुकेश कोठारी, अशोक सर्राफ और महावीर भंसाली ने कलेक्टर का साफा पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम अधिकारी शोभित दुबे ने बताया कि आगामी चरण में सदावता, मोखेरी, होपार्डी, गोपा, खींचन, लॉर्डिया और भोजका नाड़ी पंचायत के 15 गांवों में तालाब पुनर्जीवन की योजना है। इस अभियान में समुदाय की सक्रिय भागीदारी से तालाबों से निकाली गई मिट्टी को खेतों में डाला जा रहा है। इससे रासायनिक खाद के कारण बंजर हो रही भूमि को फिर से उपजाऊ बनाने में मदद मिल रही है, जिससे किसानों की उत्पादकता और आजीविका में वृद्धि होगी। इसके साथ ही, तालाबों की भराव क्षमता बढ़ने से भूमिगत जल स्तर में भी सुधार हो रहा है। यह पहल पालतू और जंगली पशु-पक्षियों के लिए लंबे समय तक पीने के पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करेगी।