जालोर नगर परिषद की टीम ने बुधवार को बागोड़ा रोड स्थित हनुमान शाला स्कूल और पंचायत समिति कार्यालय के आसपास के क्षेत्र अतिक्रमण हटाया। कार्रवाई के दौरान टीम ने सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए ठेले और अस्थायी कब्जों को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों और दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध भी किया। शहर वासियों को मुख्य सड़कों पर ठेलों के अव्यवस्थित संचालन, नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों और सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों के कारण आए दिन भारी जाम का सामना करना पड़ रहा था। इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर परिषद की टीम ने यह कदम उठाया। कार्रवाई के दौरान न सिर्फ अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए, बल्कि दुकानदारों को सार्वजनिक मार्गों पर सामान न फैलाने की सख्त हिदायत दी गई। साथ ही नो-पार्किंग में खड़े वाहनों को भी मौके से हटवाया गया। एकतरफा कार्रवाई के आरोप, नियमित अभियान की मांग कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय लोगों और संचालकों का गुस्सा फूट पड़ा। विरोध कर रहे लोगों का आरोप था कि नगर परिषद केवल औपचारिकता पूरी कर रही है और यह कार्रवाई पूरी तरह से एकतरफा (पक्षपातपूर्ण) है। दूसरी ओर शहरवासियों का कहना है कि मुख्य बाजारों और प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण के कारण सड़कें संकरी हो चुकी हैं। लोगों ने मांग की है कि यह अभियान महज एक दिन की खानापूर्ति बनकर न रह जाए, बल्कि नगर परिषद को नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाकर पूरे शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाना चाहिए। आयुक्त बोले- कार्रवाई लगातार जारी रहेगी नगर परिषद आयुक्त शिवपाल सिंह ने बताया कि अतिक्रमण के कारण शहर का यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है, जिससे आए दिन राहगीरों और दुकानदारों के बीच विवाद की स्थिति बनती है। इसी को ध्यान में रखते हुए आज यह कदम उठाया गया है। यह कार्रवाई केवल आज तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाले दिनों में भी लगातार जारी रहेगी।