अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के 78वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय छात्र दिवस के अवसर पर शनिवार को जालोर जिले में पांच प्रमुख स्थानों पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों और कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर छात्र शक्ति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। जिला संयोजक देवराज गर्ग मिठड़ी ने बताया कि जिले के जालोर, आहोर, भाद्राजून, सायला सहित पांच केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रमों में विभिन्न पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। जालोर के मुख्य कार्यक्रम में जोधपुर प्रांत मंत्री दशरथ गर्ग एवं प्रांत सहमंत्री विजय शर्मा, आहोर में प्रांत कार्यसमिति सदस्य दीपू चौहान, भाद्राजून में नगर उपाध्यक्ष गिरीश बोहरा तथा सायला में जिला प्रमुख गिरीराज सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वक्ताओं ने एबीवीपी के 78 वर्षों के गौरवशाली इतिहास, छात्र हितों के लिए किए गए संघर्षों और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों और राष्ट्रीय मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं के साथ प्राध्यापकों एवं शिक्षकों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। सभी केंद्रों पर अनुशासन, राष्ट्रभक्त और संगठनात्मक उत्साह का वातावरण देखने को मिला। अंत में स्थानीय कार्यकर्ताओं ने सभी अतिथियों, छात्र-छात्राओं एवं गुरुजनों का आभार व्यक्त किया।