जिला मुख्यालय पर कलेक्ट्रेट के सामने स्थित एक खाली प्लॉट में गुरुवार शाम अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के व्यापारियों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही नागरिक सुरक्षा और नगर परिषद की दो दमकलें मौके पर पहुंचीं। करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। सूखी बाड़ और कचरे ने पकड़ी आग जानकारी के अनुसार, कलेक्ट्रेट के सामने रघुरतन होटल के पास मौजूद खाली प्लॉट में काफी कचरा और सूखी झाड़ियों की बाड़ लगी हुई थी। शाम करीब 4 बजे अज्ञात कारणों से सूखी झाड़ियों में आग लग गई। तेज हवा के कारण आग पूरे प्लॉट में फैल गई। गनीमत रही कि समय रहते दमकल मौके पर पहुंच गईं, वरना आग आस–पास की इमारतों और घरों तक फैल सकती थी। धमाकों से फैली दहशत प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग की लपटों के बीच अचानक धमाके जैसी आवाजें सुनाई दीं, जिससे आसपास के दुकानदार और निवासी डर गए। हालांकि, कुछ ही देर में दमकलकर्मियों ने स्थिति पर काबू पा लिया जिससे सभी ने राहत की सांस ली। व्यस्त मार्ग पर मौजूद इस प्लॉट के कारण घटना का वीडियो बनाने और आग देखने वालों की भीड़ जमा हो गई। जाम की स्थिति को देखते हुए यातायात पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और ट्रैफिक सुचारु करवाया। गनीमत रही कि आग से किसी प्रकार की जनहानि या बड़ा नुकसान नहीं हुआ।