शहर में लगातार गहराते बिजली, पानी और सीवरेज संकट सहित विभिन्न जन समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष रमिला मेघवाल और नगर अध्यक्ष मुमताज अली के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए अतिरिक्त जिला कलेक्टर (ADM) को ज्ञापन सौंपा। हालांकि, इस महत्वपूर्ण प्रदर्शन में 10 से 12 कार्यकर्ता ही पहुंचे। ज्ञापन में उठाई गईं शहर की मुख्य समस्याएं कांग्रेस जिला अध्यक्ष रमिला मेघवाल ने बताया भीषण गर्मी के बीच शहर में हो रही अघोषित बिजली कटौती, लो-वोल्टेज की समस्या और गहराते पेयजल संकट को तुरंत दूर किया जाए। गैस पाइपलाइन कार्य के कारण खोदी गई सड़कों को जल्द दुरुस्त किया जाए। साथ ही टूटी सड़कों और ओवरफ्लो हो रही नालियों की मरम्मत कराई जाए। आगामी मानसून को देखते हुए शहर के बड़े नालों की समय रहते सफाई और जल निकासी की पुख्ता व्यवस्था की जाए। जिला अस्पताल में दुर्घटना पीड़ितों के समुचित और त्वरित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही डॉक्टरों के रिक्त पदों पर पर्याप्त चिकित्सकों की नियुक्ति की जाए। शहर की सड़कों पर लगातार बढ़ रही आवारा पशुओं की समस्या का स्थाई निराकरण किया जाए। केवल 10-12 कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही चर्चा में शहर की समस्याओं को लेकर आयोजित इस धरना-प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष और नगर अध्यक्ष के नेतृत्व के बावजूद प्रदर्शन में केवल 10-12 लोग ही शामिल हुए। इतनी कम संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का पहुंचना विपक्षी खेमे के साथ-साथ आमजन के बीच भी चर्चा का केंद्र बना रहा। यह रहे उपस्थित इस अवसर पर जिला प्रवक्ता योगेंद्र सिंह कुम्पावत, रमेश सोलंकी, जिला सचिव बसंत सुथार, सुरेश चौधरी, सुरेश मेघवाल, महेंद्र सोनगरा, मिश्रीमल गहलोत, अनिल पंडत, फुसाराम माली, जोगाराम सरगरा और गोविंद मेघवाल सहित गिने-चुने कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।