शहर के लाल पोल स्थित किले की घाटी में सोमवार की झाड़ियों में अचानक भीषण आग लग गई। आग बुझाने के लिए आई फायर ब्रिगेड बीच रास्ते में चल रहे अवैध निर्माण के कारण अटक गई और करीब 2 घंटे की देरी से घटना स्थल तक पहुंची। इसके करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। जानकारी के अनुसार- सोमवार की रात करीब 9 बजे आग लगने की जानकारी सामने आई। सूचना पर सिविल डिफेंस और फायर ब्रिगेड की टीम रवाना हुई। लेकिन वह रास्ते में ही तकनीकी खराबी के कारण बंद हो गई। इसके बाद नगर परिषद की फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया। लाल पोल में एक मकान का निर्माण कार्य चलने के कारण रास्ते में निर्माण सामग्री और बल्लियां (बांस) लगाई गई थीं। इसके कारण दमकल की गाड़ी करीब 2 घंटे तक वहीं फंसी रही। प्रशासन की सख्ती के बाद हटा अवरोध मामले की गंभीरता को देखते हुए जालोर कलेक्टर के निजी सचिव विकास सोलंकी और पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के कड़े रुख के बाद निर्माण करा रहे परिवार ने आनन-फानन में रास्ते से बल्लियां हटाईं, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी आगे बढ़ सकी। एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद रात 11:30 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। गनीमत रही कि आग को समय रहते रोक लिया गया, वरना यह रिहायशी इलाके तक फैल सकती थी। प्रशासन अब बिना अनुमति रास्ते में निर्माण सामग्री डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा हैं। देर रात तक रही बिजली कटौती हालांकि आग लगने के कारण शहर के लाल पोल, किले की घाटी, बड़ी पोल, रबारवाड़ा, कस्तुरबा कॉलोनी समेत कई कॉलानियो में बिजली की कटौती रही। इससे आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ा।