पूर्व सीएम और कांग्रेस के दिग्गत नेता अशोक गहलोत के जन्मदिन पर जिलेभर में कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न सेवा कार्यों का आयोजन किया गया। शहर में नगर परिषद के सामने आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने केक काटकर राहगीरों को ठंडी छाछ पिलाई और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान जिला अस्पताल में मरीजों को फल वितरित कर उनकी कुशलता पूछी गई। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री पुखराज पाराशर भी मौजूद रहे, उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर मिठाई बांटी और गहलोत के दीर्घायु होने की कामना की। वहीं कई कार्यकर्ताओं ने गौसेवा करते हुए गायों को चारा खिलाया। इसी कड़ी में एनएसयूआई जालोर जिला अध्यक्ष सुष्मिता गर्ग के नेतृत्व में भी सेवा गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यकर्ताओं ने गायों को चारा खिलाने के साथ ही पक्षियों के लिए परिंडे लगाकर पानी की व्यवस्था की। इसके बाद एनएसयूआई जिला कार्यालय में केक काटकर गहलोत के स्वस्थ और लंबी आयु की कामना की गई। इस अवसर पर एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष खिम सिंह राठौड़, वीर वीरम देव कॉलेज अध्यक्ष जयपाल सिंह, शाहबाज पठान, महिपाल सिंह, विजेंद्र पवार, राहुल चौधरी, सौरव जाटव, मनीष पांचाल, जितेंद्र सिंह, जसवंत कुमार, गणेश सिंह, दीपांशु चौधरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।