जालोर शहर में सूरज पोल के बाहर बिना परमिशन के चल रहे गरबा कार्यक्रम को पुलिस ने बंद करा दिया। इससे नाराज लोग देर रात जिला कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे के घर पर पहुंच गए और करीब 25 मिनट तक प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर घर भेजा। जानकारी के अनुसार, सूरज पोल के बाहर गरबा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा था। आयोजकों ने लाउड-स्पीकर बजाने की परमिशन नहीं ली थी। इसके बावजूद देर रात तक कार्यक्रम चल रहा था। शिकायत मिलने पर कोतवाली थाने से हिमताराम सहित पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और स्पीकरभी बंद करा दिए। स्पीकर बंद कराने से नाराज होकर कलेक्टर के घर पहुंचे लोग पुलिस की कार्रवाई से नाराज लोग एक साथ कलेक्टर के घर पहुंच गए और प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान कलेक्टर ने रात 11 बजे बिना परमिशन लाउडस्पीकर बजाने से मना कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ढोल के साथ गरबा किया जा सकता है, लेकिन लाउडस्पीकर बजाने के लिए परमिशन जरूरी है।