जालोर में माली समाज सेवा संस्थान की ओर से समाज सुधारक और आधुनिक शिक्षा के प्रतीक महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती मनाई। समाज के लोग ज्योतिबा फुले उद्यान में एकत्र हुए और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग रहे। विशिष्ट अतिथियों में जिला कलेक्टर प्रदीप के. गावंडे, कोतवाली थानाधिकारी देवेन्द्र, माली समाज ठाकुरद्वारा पांच पट्टी के भोमाराम माली, भाजपा नगर अध्यक्ष रवि सोलंकी,भाजपा नगर महामंत्री सुरेश सुन्देशा समेत कई लोग रहे। इस मौके पर जोगेश्वर गर्ग ने कहा- महात्मा ज्योतिबा फुले के आदर्श समाज की असली ताकत हैं। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में शिक्षा और समानता की जो अलख जगाई, उसी का परिणाम है कि आज समाज विकास की मुख्य धारा से जुड़ रहा है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही हम एक जागरूक और शिक्षित समाज का निर्माण कर सकते हैं। कार्यक्रम माली समाज सेवा संस्थान के अध्यक्ष नितिन सोलंकी की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अन्य वक्ताओं ने भी फुले जी के जीवन और उनके द्वारा किए गए समाज सुधार के कार्यों के बारे में बताया। वक्ताओं ने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा को अपना हथियार बनाएं और सामाजिक कुरीतियों को मिटाने का संकल्प लें। इसके साथ ही भाजपा नगर मंडल के द्वारा भी महात्मा ज्योति बा फूले को माला व पुष्प अर्पित कर श्रंदाजलि दी गई। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।