राजस्थान में अवैध मादक पदार्थों और बिना लाइसेंस के चल रहे व्यवसायों के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) का अभियान तेजी से जारी है। टीमों ने एक ही दिन में जालोर और पाली में दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया, जिसमें भारी मात्रा में गांजा और अवैध दवाइयां जब्त की गई हैं। रोहट (पाली) में 6 किलो गांजा जब्त एएनटीएफ चौकी पाली को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से अवैध मादक पदार्थ की सप्लाई करने जालोर की ओर जा रहा है। टीम ने रोहट थाना पुलिस के सहयोग से जालोर रोड पर नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल को रुकवाकर तलाशी ली गई, तो बैग से 6.170 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी जोधपुर के लूणी निवासी मदनराम (40)पुत्र कालूराम प्रजापत को गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। दूसरी कार्रवाई: करवाड़ा (जालोर) में बिना लाइसेंस मेडिकल स्टोर पर छापा दूसरी सफलता जालोर जिले के करवाड़ा गांव में मिली, जहां राजकीय आयुर्वेद औषधालय के सामने बिना लाइसेंस के एक मेडिकल स्टोर संचालित किया जा रहा था। पुष्टि के लिए एएनटीएफ का एक सदस्य 'बोगस ग्राहक' बनकर पहुंचा और 100 का नोट देकर दवा खरीदी। संचालक द्वारा बिल न देने पर औषधि नियंत्रक अधिकारी को मौके पर बुलाया गया। जांच में संचालक वागाराम कोई भी वैध लाइसेंस पेश नहीं कर सका। यहाँ से करीब 10 से 12 हजार अवैध औषधियां (टैबलेट्स, कैप्सूल व इंजेक्शन) जब्त की गई हैं। आमजन से अपील की है कि किसी भी अपराधी या अवैध गतिविधि की सूचना एएनटीएफ के कंट्रोल रूम नंबर 0141-2502877 या व्हाट्सएप नंबर 9001999070 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।