जालोर में निजी बस और ट्रक में भिड़ंत हो गई। हादसे में बस कंडक्टर और सरकारी टीचर की मौत हो गई, जबकि बस में सवार 10 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को सांचौर के निजी और सरकारी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। हादसा सांचौर-डीसा नेशनल हाईवे पर पलादर सरहद क्षेत्र में रविवार सवेरे करीब 9ः45 बजे हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों क्षतिग्रस्त गाड़ियों को हटाकर ट्रैफिक सुचारू करवाया। पहले देखें हादसे के बाद के PHOTOS सवारियां लेकर पालनपुर जा रही थी बस सांचौर थाने के एसएचओ नैनाराम चौधरी ने बताया- एक निजी यात्री बस बाड़मेर के बेड़िया से गुजरात के पालनपुर जा रही थी। सांचौर से सवारियां बैठाकर बस पालनपुर के लिए रवाना हुई। बस में करीब 40 यात्रियां बैठी हुई थी। ट्रक में सामने से भिड़ी क्षेत्र में हल्की बारिश हो रही थी और बस की स्पीड भी तेज थी। सांचौर से करीब 15 किमी दूर पलादर सरहद में पीर की जाल के पास बारिश के चलते सामने गुजरात से बाड़मेर की तरफ जा रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गाड़ियों का आगे वाला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। आस-पास के लोगों ने निकाला बाहर हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। तेज आवाज सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला और पुलिस-एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों में कुछ को सांचौर के प्राइवेट और कुछ घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो की मौत, 10 घायल हादसे में दो घायलों हंजाराम मेघवाल (53) निवासी शिवपुरा होथीगांव, सांचौर और बस कंडक्टर मारू खाना (38) निवासी पांति का निवान सेड़वा, बाड़मेर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि 10 घायलों का इलाज जारी है। इनमें से 4 की भी हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि 6 को हल्की-फुल्की चोटें आई है। सांचौर पुलिस थाना अधिकारी नैनाराम चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। वहीं, ट्रक ड्राइवर, खलासी और बस के ड्राइवर को डिटेन कर लिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, मरने वालों में हंजाराम मेघवाल सांचौर के नजदीकी गांव दूठवा के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में टीचर के रूप में कार्यरत है। रविवार को हंजाराम अपनी बहन की दवाई लेने के लिए गुजरात जा रहे थे।