जालोर के महात्मा गांधी गर्वनमेंट स्कूल को इंग्लिश मीडियम से फिर से हिंदी मीडियम में बदलने की मांग को लेकर छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। ग्रामीणों का कहना कि गांव के आसपास के 15 किलोमीटर के दायरे में कोई भी हिंदी मीडियम स्कूल नहीं है, ऐसे में बच्चों की इंग्लिश मीडियम से पढ़ाई करवाने पर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मामला जिले के सायला उपखंड क्षेत्र के बावतरा गांव की महात्मा गांधी गवर्नमेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल का है। ग्रामीणों का कहना है कि हिंदी मीडियम स्कूल के बारे में प्रशासन को पहले भी बताया गया है, लेकिन अभी तक कार्रवाई नहीं हुई है। स्टूडेंट्स ने बताया कि इस संबंध में कई बार विभाग के उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। समाधान नहीं होने के कारण आज सुबह 10 बजे ही ग्रामीण और स्टूडेंट्स स्कूल के गेट पर जमा हो गए और नारेबाजी करते हुए धरना शुरू कर दिया। स्टूडेंट्स बोले- स्कूल में स्टाफ की कमी छात्रों का आरोप है कि स्कूल में पर्याप्त शिक्षक नहीं होने के कारण उनकी पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो रही है। उन्होंने मांग की है कि सभी विषयों के रिक्त पदों पर जल्द से जल्द शिक्षकों की नियुक्ति की जाए। अधिकारियों के आश्वासन के बाद खोला ताला करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद सायला ब्लॉक शिक्षा विभाग के अधिकारी और स्थानीय सरपंच मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों और ग्रामीणों की मांगों को सुना और जल्द समाधान करवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद स्टूडेंट्स ने स्कूल का ताला खोला और धरना समाप्त किया। हालांकि, छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी समस्याओं का निस्तारण नहीं हुआ, तो वे फिर से उग्र आंदोलन करेंगे।