राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने 18 जुलाई और 21 नवंबर को होने वाली विशेष लोक अदालत की तैयारियों को लेकर बुधवार को बैठक की। बैठक में न्यायिक अधिकारियों को एनआई एक्ट के ज्यादा से ज्यादा मामलों का आपसी सहमति से निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए। न्यायिक अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश बन्नालाल जाट के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश उमेश वीर ने बैठक ली। उन्होंने न्यायिक अधिकारियों से कहा कि एनआई एक्ट के मामलों का ज्यादा से ज्यादा निस्तारण कराने के लिए पूरा प्रयास करें। पक्षकारों को आपसी समझौते के लिए करें प्रेरित उमेश वीर ने कहा कि संबंधित पक्षों के बीच पहले से बातचीत (प्री काउंसलिंग) कर उन्हें आपसी सहमति से मामला खत्म करने के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही अधिवक्ताओं से भी बात कर ज्यादा से ज्यादा मामलों में समझौता कराने का प्रयास किया जाए। कुछ अधिकारी मौजूद रहे, कुछ जुड़े ऑनलाइन बैठक में जिला मुख्यालय पर मौजूद न्यायिक अधिकारी व्यक्तिगत रूप से शामिल हुए, जबकि जिला मुख्यालय से बाहर तैनात न्यायिक अधिकारियों ने ऑनलाइन हिस्सा लिया। बैठक में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विमल व्यास, एसीजेएम-1 राजेंद्र चारण और जेएम रेखा चौधरी भी मौजूद रहे।