जाणुन्दा गांव में रविवार को एक हादसा हुआ। पड़ोसी के घर के बाहर बैठे वृद्ध नारायणलाल सैन पर मकान का छज्जा गिर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर आऊवा चौकी प्रभारी अरविंदसिंह राजपुरोहित, सुनिल कुमार और रामनिवास मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों की मदद से शव को मलबे से बाहर निकाला। आऊवा चौकी प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि मृतक नारायणलाल पुत्र जेठाराम सैन अपने पड़ोसी जसाराम चौधरी के मकान के बाहर बैठे थे। तभी अचानक मकान का छज्जा उन पर गिर गया, जिससे वे नीचे दब गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मारवाड़ जंक्शन की मोर्चरी में रखवाया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नारायणलाल सैन अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहते थे। वे रोजाना की तरह पड़ोसी के घर के बाहर आकर बैठे थे। घटना के समय घर के बाहर बच्चे भी खेल रहे थे, लेकिन वे छज्जा गिरने से ठीक पहले दूर हट गए थे। मृतक नारायणलाल सैन के दो बेटे हैं, जो जोजावर में सैलून का काम करते हैं।