डीग जिले के जनूथर कस्बे में अघोषित बिजली कटौती के विरोध में ग्रामीणों ने बुधवार को धरना प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए और बिजली विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से आमजन, किसान और व्यापारियों को भारी परेशानी हो रही है। भीषण गर्मी के दौरान घंटों तक बिजली गुल रहने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। ग्रामीणों में बढ़ रहा आक्रोश धरने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि वे बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के मौके पर आने और समस्या समाधान का आश्वासन मिलने तक धरना जारी रखेंगे। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है। ग्रामीणों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए प्रशासन पूरी स्थिति पर बारीकी से नजर बनाए हुए है।