बालोतरा के जसोल स्थित श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान में चैत्र शुक्ल पक्ष पंचमी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुबह मंगला आरती के साथ ही भक्तों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं, जो दिनभर जारी रहीं। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ श्री राणीसा भटियाणीसा के दर्शन किए। मंदिर परिसर 'जय मां जसोल' के जयघोषों से गूंज उठा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। मंदिर संस्थान ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम दर्शन के लिए व्यापक प्रबंध किए थे। सुरक्षा, जल व्यवस्था, प्रसाद वितरण, कतारबद्ध दर्शन और सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया, ताकि भक्तों को कोई असुविधा न हो। संस्थान के कर्मचारियों ने सेवा भाव से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। मंदिरों में छप्पन भोग अर्पित किए इस अवसर पर सीकर जिले के लालासी निवासी (वर्तमान जयपुर) प्रह्लाद सिंह शेखावत पुत्र कल्याणसिंह शेखावत ने छप्पन भोग का लाभ प्राप्त किया। उन्होंने श्रद्धापूर्वक समस्त मंदिरों में छप्पन भोग अर्पित किया, जिसके बाद भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इसी क्रम में लाभार्थी परिवार द्वारा विधिवत कन्या पूजन का आयोजन किया गया। इसमें कन्याओं को आदरपूर्वक आमंत्रित कर उनका पूजन किया गया तथा उन्हें भोजन, वस्त्र और दक्षिणा प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह आयोजन भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति के सम्मान की परंपरा को दर्शाता है। सुख, शांति और समृद्धि की कामना की दिनभर चले धार्मिक कार्यक्रमों और दर्शन व्यवस्था के दौरान मंदिर परिसर में अनुशासन, श्रद्धा और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने मां जसोल के दरबार में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान, जसोल की ओर से सभी भक्तों और विशेष रूप से लाभार्थी परिवार का हृदय से आभार व्यक्त किया गया। संस्थान ने श्री राणीसा भटियाणीसा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और मंगल की कामना की।