रिसेप्शन के डिनर में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। घटना डीडवाना- कुचामन जिले के सुजानगढ़ तिराहे पर गुरुवार की रात करीब साढ़े 10 बजे हुई। लहूलुहान हालत में युवक को हॉस्पिटल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी। जसवंतगढ़ थानाधिकारी राजेश सियाग ने बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। इसमें जिले के सुजानगढ़ निवासी सरफराज (22) की मौत हो गई। शुरुआती जांच के आधार पर 2 नाबालिगों को पकड़ा है, फिलहाल जांच जारी है। पुरानी रंजिश में विवाद की आशंका पुलिस का कहना है कि जसवंतगढ़ निवासी पप्पू पुत्र मुनीर के घर 15 अप्रैल को शादी हुई थी। गुरुवार रात रिसेप्शन का डिनर रखा गया था। इसमें सुजानगढ़ से भी कुछ युवक शामिल होने आए थे। इसी दौरान सरफराज पुत्र अमरुद्दीन और वहां आए कुछ युवकों के बीच कहासुनी हो गई। दोनों पक्षों में पहले से पुरानी रंजिश थी। ​इस दौरान विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। दूसरे पक्ष के युवकों ने विवाद के दौरान सुजानगढ़ से आए युवकों में से एक ने सरफराज पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर हालत में सरफराज को लोग हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। थानाधिकारी का कहना है कि घटना में बाइक सवार चार युवक शामिल थे। दो लड़कों को पकड़ लिया है। हालांकि शुरुआती जांच में दोनों नाबालिग लग रहे हैं। चाकू से वार किसने किया, इसकी जांच की जा रही है। मॉर्च्युरी के बाहर धरने पर बैठे परिजन घटनास्थल से एफएलएल की टीम ने जुटाए है। फिलहाल मृतक का शव मोर्च्युरी में रखवाया है। मामले की जांच की जा रही है। हालांकि शुक्रवार को परिजन लाडनूं अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर धरने पर बैठ गए और शव लेने से इनकार कर दिया। परिजनों की मांग है कि सभी आरोपियों को जल्दी गिरफ्तार किया जाए। परिजनों के अनुसार- मृतक सुजानगढ़ के खानपुर क्षेत्र में प्लास्टिक तिरपाल का व्यापार करता था।