सिरोही जिले के जावाल कस्बे में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। हाल ही में गोल रोड पर एक घर के बाहर से गाड़ी चोरी का प्रयास किया गया। इस घटना ने कस्बे में बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों और पुलिस गश्त की कमी को उजागर किया है। यह घटना 29-30 जून की रात करीब 3:15 बजे जावाल के गोल रोड पर कजारिया टाइल्स के पीछे स्थित भरत रावल के मकान पर हुई। पीड़ित किराएदार सुनील ने बरलूट थानाधिकारी को इस संबंध में लिखित शिकायत दी है। बदमाश ने 15 मिनट तक गाड़ियों से की छेड़छाड़ रिपोर्ट के अनुसार, एक अज्ञात बदमाश बाइक पर आया और घर के आगे खड़ी गाड़ी और गेट के अंदर खड़ी बाइक व स्कूटी के साथ लगभग 15 मिनट तक छेड़छाड़ की। बदमाश ने गेट का ताला टटोलकर वाहनों को चुराने का प्रयास किया। इसी दौरान गेट खटखटाने और बाइक की आवाज सुनकर घर के लोग जाग गए। जैसे ही पीड़ित बाहर आया, अज्ञात बदमाश अपनी बाइक पर बैठकर मौके से फरार हो गया। यह पूरी वारदात मकान के बाहर लगे निजी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। कस्बे में लगे CCTV कैमरे लंबे समय से बंद कस्बे की सुरक्षा के लिए पंचायत द्वारा लाखों रुपए की लागत से लगाए गए सीसीटीवी कैमरे लंबे समय से बंद पड़े हैं। पंचायत प्रशासन इन्हें ठीक करवाने में कोई रुचि नहीं दिखा रहा है, और जावाल पुलिस चौकी की गश्त प्रणाली भी प्रभावी नहीं दिख रही है। स्थानीय निवासी गोविंदा माली ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए बताया कि पहले भी उनकी 2 बाइकें चोरी हो चुकी हैं, जिनका पुलिस आज तक सुराग नहीं लगा पाई है। उन्होंने कहा कि इस बार चोरों ने गाड़ी चुराने का प्रयास किया। बदमाश की तलाश जारी इस मामले में शिकायत दर्ज होने के बाद बरलूट थाना पुलिस हरकत में आई है। पुलिस ने मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में पाए हैं और घटना के समय के फुटेज अपने कब्जे में ले लिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हुलिए के आधार पर अज्ञात चोर की तलाश सरगर्मी से शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी को दबोच लिया जाएगा।