देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई-मेन के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। छात्र 22 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने परीक्षा से जुड़ी जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर इनफॉर्मेशन बुलेटिन के रूप में जारी कर दी है। विद्यार्थी विभाग की ऑफिशियल वेबसाइट चेक कर सकते हैं। एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा के अनुसार, लगातार तीसरे साल भी जेईई-मेन के परीक्षा पैटर्न, मार्किंग-पैटर्न, सिलेबस और टाइ-ब्रेकिंग नियमों में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है। परीक्षा पैटर्न और सिलेबस में कोई बदलाव नहीं सिलेबस की जानकारी देते हुए देव शर्मा ने बताया कि इस बार भी तीनों विषयों के सिलेबस में एकरूपता की उम्मीद अधूरी ही रह गई। गणित के सिलेबस को 14 यूनिट्स में बांटा गया है, जबकि फिजिक्स और केमिस्ट्री का सिलेबस 20-20 यूनिट्स में विभाजित है। टाइ-ब्रेकिंग नियम को लेकर भी जानकारी देते हुए बताया कि इस बार भी टाइ ब्रेकिंग नियम में एप्लीकेशन नंबर की कोई भूमिका नहीं रखी गई है। फॉर्म भरने में जल्दबाजी न करें स्टूडेंट्स जेईई-मेन 2024 तक टाई होने की स्थिति में नियम-9 के तहत कम एप्लीकेशन नंबर वाले स्टूडेंटस को बेहतर ऑल इंडिया रैंक का लाभ मिलता था, जिससे पहले आवेदन करने वालों को फायदा होता था। अब यह व्यवस्था समाप्त कर दी गई है। इसलिए फॉर्म भरने में स्टूडेंटस जल्दबाजी न करें। 22 नवंबर के बाद लेट फीस के साथ 26 नवंबर तक आवदेन किए जा सकते है। एग्जाम जनवरी में होना है। यह प्रवेश परीक्षा दो शिफ्ट में आयोजित की जाएगी।