भास्कर संवाददाता | चूरू राज्य के कृषि कॉलेजों में स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए जेट (संयुक्त प्रवेश परीक्षा), प्री-पीजी व पीएचडी प्रवेश परीक्षा 21 जून को होगी। राज्य सरकार की मंजूरी के बाद स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय ने जेट सहित प्री-पीजी और पीएचडी प्रवेश परीक्षा की तिथि निर्धारित कर दी है। जेट 21 जून को दो पारियों में होगी। वहीं पिछली बार की तरह यह परीक्षा बीकानेर सहित जोधपुर, उदयपुर, कोटा और जयपुर में होगी। विश्वविद्यालय ने परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी है। प्रवेश परीक्षा का नोटिफिकेशन जल्दी जारी कर दिया जाएगा। प्रवेश परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया अगले सप्ताह से शुरू किए जाने की संभावना है। पिछले वर्ष की भांति इस बार भी 12वीं कक्षा के अभ्यर्थी जिन सब्जेक्ट्स में 12वीं उत्तीर्ण करेंगे उसी में जेट परीक्षा दे सकेंगे। राज्य के 125 कृषि कॉलेज की लगभग 11 हजार सीटों पर जेट प्रवेश परीक्षा के जरिए अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। भास्कर संवाददाता | चूरू एनटीए द्वारा आयोजित जेईई-मेन अप्रैल सेशन के प्रश्न-पत्र, आंसर की और रिकॉर्डेड रेस्पोंस शनिवार देर रात को जारी कर दिए गए। साथ ही स्टूडेंट्स को आपत्तियां लगाने का भी अवसर दे दिया गया। एनटीए की ओर से जारी नोटिस के अनुसार विद्यार्थी 13 अप्रैल को रात 11.50 बजे तक आंसर-की को चैलेंज कर सकते हैं। स्टूडेंट्स की कई सवालों पर आपत्तियां भी हैं। जेईई मेन अप्रैल सेशन की परीक्षाओं में चार सवालों के जवाब ऐसे थे, जिनके आंसर-की में जवाब कुछ और दिए गए हैं। ऐसे में विद्यार्थियों ने एक प्रश्न में बोनस अंक की मांग की है। जानकारी के अनुसार जेईई मेन परीक्षा में 2 अप्रैल को शाम की पारी में कैमिस्ट्री के पेपर में कॉर्डिनेशन टॉपिक से संबधित प्रश्न में आपत्ति दर्ज कराई गई है। 5 अप्रैल को शाम की पारी में मैथ्स के पेपर में डिफरेन्शियल इक्वेशन टॉपिक से संबंधित प्रश्न में आपत्ति दर्ज कराने के साथ ही इसमें बोनस अंक की मांग की गई है।