झालावाड़ पुलिस के एएसआई लाजपत मीणा को 'मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक' से सम्मानित किया जाएगा। उन्हें यह सम्मान 12 इनामी और 20 टॉप अपराधियों की गिरफ्तारी में निभाई गई अहम भूमिका के लिए दिया जा रहा है। एडिशनल एसपी भागचन्द्र मीणा ने बताया कि राज्य सरकार राजस्थान पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहनीय सेवाओं, कठोर परिश्रम और योगदान को देखते हुए हर साल स्वतंत्रता दिवस पर 'मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक' प्रदान करती है। इसका उद्देश्य ऐसे कार्मिकों का मनोबल बढ़ाना और उत्साहवर्धन करना है। रटलाई थाने में कार्यरत एएसआई लाजपत मीणा की उत्कृष्ट सेवाओं को देखते हुए राज्य सरकार ने इस वर्ष उन्हें यह पदक प्रदान करने की स्वीकृति दी है। उन्होंने अपने सेवाकाल में कई महत्वपूर्ण मामलों को सुलझाने में योगदान दिया है। मीणा ने 12 इनामी और 20 टॉप अपराधियों को गिरफ्तार करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके अलावा राजस्थान हाई कोर्ट, जयपुर में प्रस्तुत बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका संख्या-267/2024 में दीपा मेहर को दस्तयाब करवाया। उन्होंने हत्या के आरोप में फरार चल रहे आरोपी मुकेश सेन की गिरफ्तारी में भी सहयोग किया। विभिन्न गुमशुदगी प्रकरणों में वांछित गुमशुदा व्यक्तियों जैसे टीना लोधा, राजेन्द्र कुमार, विष्णुबाई, किट्टू, दीक्षा, मांगीबाई और गणपतलाल को भी उन्होंने दस्तयाब करवाया। तत्कालीन डीएसटी प्रभारी के साथ आसूचना साझा कर इलाका थाना-पगारिया में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करवाई गई, जिसमें 1900 गांजे के पौधे (कुल वजन 167 किलोग्राम) जब्त किए गए। इसके अतिरिक्त एएसआई मीणा ने थाना-रटलाई पर एचएम क्राइम/फोर्स का कार्य भी संभाला। इस दौरान उन्होंने समय पर सूचनाओं का आदान-प्रदान और रिकॉर्ड का उचित संधारण सुनिश्चित किया।