झालावाड़ में न्यायिक कर्मचारियों द्वारा खेल संकुल स्थित विजय राजे सिंधिया क्रिकेट मैदान पर आयोजित मैत्री क्रिकेट मैच में एलिट स्पार्टन स्पोर्ट्स क्लब ने जुडिशल जायंट्स टीम को रोमांचक मुकाबले में हरा दिया। यह मैच दोपहर में शुरू होकर शाम को संपन्न हुआ। कोर्ट मैनेजर अमित सत्संगी और प्रोटोकॉल ऑफिसर प्रदीप परिहार ने बताया कि प्रशांत चतुर्वेदी की कप्तानी में एलिट स्पार्टन स्पोर्ट्स क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने सुनील बैरागी (50), नवीन मीणा (23), लोकेश डांगी (50), रोहित शर्मा (35), जुनैद (22) और मनीष भाटिया (20) की शानदार पारियों की बदौलत 20 ओवर में 215 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जुडिशल जायंट्स की ओर से बुद्धि प्रकाश, पवन कुमार, विजय सिंह झाला, साहिल मोरवाल और श्याम प्रजापति ने एक-एक विकेट लिया। विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी जुडिशल जायंट्स के सलामी बल्लेबाज कप्तान धीरज सिंह राठौड़ (36) और सोविल जैन (24) ने टीम को सधी हुई शुरुआत दी। सोनू कारपेंटर (25) और विनोद कुमार गौर (28) ने भी अच्छा साथ दिया। हालांकि, स्पार्टन्स के कप्तान प्रशांत चतुर्वेदी (3 विकेट), प्रियांशु लाहोटी (2), सलीम अंसारी (2) और हेमंत (2) की धारदार गेंदबाजी के आगे जायंट्स के बल्लेबाज टिक नहीं पाए। जुडिशल जायंट्स की पूरी टीम 20 ओवर में 170 रन ही बना सकी। इस अवसर पर अभिभाषक परिषद झालावाड़ के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, प्रोटोकॉल ऑफिसर प्रदीप परिहार, कोर्ट मैनेजर अमित सत्संगी, खेल अधिकारी कृपाशंकर शर्मा और बग्गाराम जाखड़ ने मैदान में उपस्थित रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विजेता टीम को ट्रॉफी भी भेंट की। खेल आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि इस प्रकार के मैत्री मैच शारीरिक व्यायाम के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाने के उद्देश्य से आयोजित किए जाते हैं।