झालावाड़ के राजकीय पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित रोजगार उत्सव में विभिन्न विभागों के 847 नवचयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र और स्वागत किट प्रदान की गई। कार्यक्रम में झालावाड़-बारां सांसद दुष्यंत सिंह मुख्य अतिथि रहे। समारोह में प्रधानमंत्री के मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया तथा मुख्यमंत्री का बधाई संदेश भी नव नियुक्त कार्मिकों को सुनाया गया। सांसद ने कहा कि सरकारी सेवा केवल रोजगार नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है। सरकारी सेवा को बताया राष्ट्र निर्माण का माध्यम सांसद दुष्यंत सिंह ने नव नियुक्त अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उनकी मेहनत और लगन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का अवसर है। उन्होंने नव नियुक्त कार्मिकों से आमजन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और पूरी निष्ठा के साथ दायित्व निभाने का आह्वान किया। सांसद ने विश्वास जताया कि ये युवा विकसित भारत और विकसित राजस्थान के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। प्रधानमंत्री का प्रसारण और मुख्यमंत्री का संदेश कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। वहीं, मुख्यमंत्री का बधाई संदेश भी नव नियुक्त कर्मचारियों को पढ़कर सुनाया गया। सभी चयनित अभ्यर्थियों का स्वागत किट देकर अभिनंदन किया गया। इन विभागों में बांटे गए नियुक्ति पत्र मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी राम सिंह मीणा ने बताया कि रोजगार उत्सव में विभिन्न विभागों के कुल 847 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। इनमें कॉलेज शिक्षा विभाग में सहायक आचार्य के 6, माध्यमिक शिक्षा विभाग में व्याख्याता के 41 और वरिष्ठ अध्यापक के 44 अभ्यर्थी शामिल रहे। सहकारिता विभाग में निरीक्षक ग्रेड-द्वितीय के 5, कृषि विभाग में सहायक कृषि अधिकारी के 6, प्रारंभिक शिक्षा विभाग में अध्यापक लेवल-द्वितीय के 9 तथा पंचायती राज विभाग में ग्राम विकास अधिकारी के 12 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। इसके अलावा जयपुर विद्युत वितरण निगम (जेवीवीएनएल) में टेक्नीशियन-III के 24, राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम में प्लांट अटेंडेंट-III के 8, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग में छात्रावास अधीक्षक-II के 1, गृह विभाग में कांस्टेबल के 8 तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में फार्मासिस्ट के 1 और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के 2 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। शासन सचिवालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के 6, प्रशासनिक सुधार विभाग में सर्वाधिक 670 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों तथा जिला कलेक्टर कार्यालय में कनिष्ठ सहायक के 4 अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र सौंपे गए। जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद कार्यक्रम में मनोहरथाना विधायक गोविंद रानीपुरिया, आरपीएससी के पूर्व चेयरमैन श्याम सुंदर शर्मा, जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा, पूर्व विधायक नरेंद्र नागर, जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शंभुदयाल मीणा, नगर परिषद के पूर्व सभापति प्रदीप सिंह राजावत, उपाध्यक्ष चंद्र मोहन धाभाई, पूर्व प्रधान भावना झाला, लाली बाई सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।