झालावाड़ में राज्य सरकार के "हरियालो राजस्थान" अभियान के तहत शनिवार को पुलिस लाइन में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस परेड ग्राउंड, आवासीय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगभग 800 पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनाने का भी संकल्प लिया। यह पहल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। एसपी अमित कुमार ने इस अवसर पर कहा कि पौधारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण प्रदान करने का एक संकल्प है। उन्होंने बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के मद्देनजर अधिक से अधिक पौधरोपण की आवश्यकता पर जोर दिया। इस कार्यक्रम में एडिशनल एसपी भागचंद्र मीणा, डिप्टी हर्षराज सिंह, संचित निरीक्षक मोहनलाल सहित पुलिस लाइन के अन्य अधिकारी-कर्मचारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।