झालावाड़ कोतवाली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने शहर में 2 अलग-अलग अभियानों में स्मैक और गांजा तस्करी करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाइयों में 3.71 ग्राम स्मैक, 95 ग्राम गांजा, 4800 रुपए नकद, 2 मोबाइल फोन और एक स्कूटी जब्त की गई है। पुलिस के नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, कोतवाली थानाधिकारी मुकेश कुमार मीणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने कार्रवाई की। गश्त के दौरान टीम ने तांबे की खान रोड स्थित ईदगाह के पास से आरिफ खान और शुभम प्रजापति को स्मैक की तस्करी करते हुए पकड़ा। इनके पास से 3 ग्राम 71 मिलीग्राम स्मैक और 4800 रुपए नकद बरामद हुए। पुलिस की जांच पड़ताल जारी दूसरी कार्रवाई में एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की सूचना पर पुलिस ने मजदूर चौराहा, बालजी की छतरी, झालावाड़ से रईस कुरैशी नामक आरोपी को गिरफ्तार किया। वह गांजा की तस्करी कर रहा था। पुलिस ने उसके पास से 95 ग्राम गांजा और एक स्कूटी जब्त की। गिरफ्तार आरोपियों में से आरिफ खान और शुभम प्रजापति ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने 300 ग्राम स्मैक खरीदी थी और उसे छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर अवैध रूप से बेच रहे थे। दोनों ही मामलों में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और तस्करी नेटवर्क के बारे में आगे की जांच कर रही है। जांच में और भी मामले सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।