झालावाड़ में पुलिस ने जून महीने में चलाए गए विशेष यातायात अभियान के तहत ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की है। इस एक महीने के अभियान में कुल 1305 चालान किए गए और 5 लाख 60 हजार 400 रुपए का जुर्माना वसूला गया है। यह अभियान 1 जून से 30 जून तक चलाया गया। इस अभियान में वाहन मॉडिफिकेशन, लाल-नीली बत्ती, प्रेशर हॉर्न, ब्लैक फिल्म, फर्जी व नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, सीट बेल्ट, हेलमेट और शराब पीकर वाहन चलाने जैसे मामलों पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन मॉडिफिकेशन के 5, लाल-नीली बत्ती के 308, प्रेशर हॉर्न के 163, ब्लैक फिल्म के 151, नंबर प्लेट पर अनाधिकृत चिन्ह लगाने के 406 और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट के 272 चालान काटे। ट्रैफिक प्रभारी एएसआई आशीष कुमार ने बताया कि प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया। पुलिस ने लोगों को सुरक्षित ड्राइविंग के महत्व के बारे में जानकारी दी। 2 चोरी की बाइक भी बरामद की विशेष अभियान के दौरान संदिग्ध वाहनों की चेकिंग में पुलिस ने 2 चोरी की बाइक भी बरामद की। जांच में पता चला कि एक बाइक जयपुर से और दूसरी भीलवाड़ा से चोरी हुई थी। बरामद की गई एक बाइक उसके मालिक को सौंप दी गई है, जबकि दूसरी के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई जारी है। अभियान के तहत जिले में तीन अलग-अलग स्थानों पर आदर्श ट्रैफिक जोन बनाए गए। इन जोनों में लोगों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान भी किए गए। शराब पीकर वाहन चलाने, मोबाइल पर बात करने और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर विशेष निगरानी रखी गई।