झालावाड़ में बुधवार को एबीवीपी की ओर से प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में जिले के 500 से ज्यादा प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद दुष्यंत सिंह रहे, कोटा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बी.पी. सारस्वत ने अध्यक्षता की। विशिष्ट अतिथियों में राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. निमित्त रंजन, राजस्थान लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष श्याम सुंदर शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा और एबीवीपी के प्रांत संगठन मंत्री वीरेंद्र सिंह शक्तावत शामिल रहे। दीप प्रज्वलन के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर सांसद दुष्यंत सिंह ने हाड़ौती क्षेत्र के विकास के लिए तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। महापुरुषों के आदर्शों पर चलने का आह्वान पूर्व आरपीएससी अध्यक्ष श्याम सुंदर शर्मा ने एबीवीपी को केवल छात्र संगठन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को सामाजिक संस्कारों से जोड़ने वाला संगठन बताया। उन्होंने संगठन से जुड़े अपने अनुभवों को साझा करते हुए आयोजन की सराहना की। मुख्य वक्ता वीरेंद्र सिंह शक्तावत ने युवाओं से भारतीय संस्कृति और राष्ट्रभावना को मजबूत बनाए रखने वाले महापुरुषों के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।