झालावाड़ में भारत विकास परिषद की झालारानी शाखा का दायित्व ग्रहण एवं पदस्थापना समारोह वीरेंद्र भवन में आयोजित किया गया। यह झालावाड़ में स्थापित परिषद की पहली महिला शाखा है, जिसका विधिवत शुभारंभ महारानी ईला देवी के जन्मदिवस के अवसर पर हुआ। मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने झालावाड़ जिले को 'झगड़ा प्रथा' जैसी कुरीतियों से मुक्त करने, जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने जैसे कार्यों में जिला प्रशासन को सहयोग की अपेक्षा की। संयोजक डॉ. राजुल गोयल ने झालारानी शाखा के नाम की सार्थकता बताते हुए कहा कि शाखा सामाजिक कार्यों में जिला प्रशासन और वंचित वर्ग की अपेक्षाओं को पूरा करने का हरसंभव प्रयास करेगी। समारोह के मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ थे। राज परिवार सदस्य महीजीत सिंह झाला, कमल सुरेका, उपखंड मजिस्ट्रेट अभिषेक चारण, प्रांतीय समन्वयक ओम प्रकाश चतुर्वेदी और नगरपरिषद के पूर्व सभापति प्रदीप सिंह राजावत सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। प्रांतीय अध्यक्ष सुनीता गोयल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। प्रांतीय महासचिव अरविंद गर्ग ने नवगठित कार्यकारिणी को शपथ दिलाई। इस अवसर पर शाखा की पहली अध्यक्ष अर्चना मालपानी, सचिव चेतना गर्ग और कोषाध्यक्ष सुमन खण्डेलवाल सहित नव निर्वाचित कार्यकारिणी ने अपने पदभार ग्रहण करते हुए दायित्व-निर्वहन का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संयोजन प्रांतीय उपाध्यक्ष मनोज शर्मा ने किया, जबकि संचालन जिला समन्वयक उदयभानसिंह ने किया। अध्यक्ष अर्चना मालपानी ने शाखा की वर्षभर की कार्ययोजना प्रस्तुत की। इसमें महिलाओं के कौशल विकास, पर्यावरण जागरूकता, आयुर्वेद का महत्व, शिक्षक दिवस, बालक दिवस, सैनिकों का सम्मान, बालिकाओं को 'गुड टच-बैड टच' और शारीरिक परिवर्तनों पर कार्यशालाएं, राजस्थानी लोककला का प्रचार, रक्तदान शिविर, दहेज विरोधी अभियान और बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने जैसे कार्य शामिल हैं। शाखा सचिव चेतना गर्ग ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट करने के बाद कोषाध्यक्ष सुमन खंडेलवाल ने कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।