खानपुर रोड पर कालीसिंध पुलिया के पास एक ढाबे पर काम करने वाले महेश भील के साथ कथित तौर पर पुलिसकर्मियों की ओर से मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर भील समाज में नाराजगी है। समाज के लोगों ने एसपी अमित कुमार बुडानिया को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में समाज के लोगों ने बताया कि कुछ पुलिसकर्मियों ने महेश भील के साथ ढाबे पर आकर किसी बात को लेकर कहासुनी कर मारपीट की। उन्होंने मांग की है कि दोषी पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित कर बर्खास्त किया जाए और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। समाज ने पीड़ित महेश भील को न्याय और उचित सहायता प्रदान करने की भी अपील की है। इस मामले पर एसपी अमित कुमार बुडानिया ने बताया कि ढाबा कर्मियों से बदतमीजी के आरोपों के संबंध में एक वायरल वीडियो प्राप्त हुआ था, इसमें दो पुलिसकर्मी शामिल थे। दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी है और उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है।