झालावाड़ जिले की ग्राम पंचायत बिन्दाखेड़ा में सरपंच चुनाव के नतीजों पर विवाद हो गया है। पराजित प्रत्याशी के समर्थकों और ग्रामीणों ने मतगणना में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। उन्होंने सोमवार को मिनी सचिवालय पहुंचकर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ को बताया कि रिटर्निंग ऑफिसर ने मिलीभगत कर कृष्णा बाई को अवैध रूप से विजयी घोषित किया। उनका आरोप है कि पहले मनीषा भील को दो वोटों से जीता बताया गया था। करीब आधे घंटे बाद रिटर्निंग ऑफिसर ने कृष्णा बाई को नौ वोटों से विजयी घोषित कर दिया। मनीषा भील की पुनर्गणना की मांग नहीं मानी गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार को भी ज्ञापन दिया गया।