झालावाड़ में जिला केलक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में शनिवार को मिनी सचिवालय सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक हुई। जिसमें सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। हादसों पर जताई चिंता कलेक्टर ने सड़कों पर विचरण करने वाले आवारा पशुओं से होने वाली दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों को ऐसे पशुओं को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और रेस्क्यू की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यह कार्य प्राथमिकता के आधार पर करने को कहा गया ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। अतिक्रमण हटाने के निर्देश उन्होंने प्रमुख सड़कों के दोनों ओर हो रहे अवैध अतिक्रमण को सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बताया। संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से खण्डिया चौराहे स्थित अश्व प्रतिमा के आसपास एवं बस स्टेण्ड स्थित पोस्ट ऑफिस के मुख्य द्वार पर लगे ठेलों को हटाने के निर्देश दिए गए। जागरूकता बढ़ाने के निर्देश कलेक्टर ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए नियमित अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही, हाई रिस्क स्कूल की संपर्क सड़कों पर स्पीड ब्रेकर बनाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए। इस अवसर पर एडीएम अनुराग भार्गव, एएसपी शोराज मल, पीडब्ल्यूडी एसई मुकेश मीणा, जिला परिवहन अधिकारी समीर जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।