झालावाड़ जिले के असनावर थाना क्षेत्र में रविवार तड़के करीब 2 बजे एक ईको कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। इस हादसेमें जावर थाना क्षेत्र के गजवाड़ी गांव के 8 से 10 लोग घायल हो गए। घायलों में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हैं। जानकारी के अनुसार सभी लोग एक छोटे बच्चे को दिखाने के लिए झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल आ रहे थे। चीख-पुकार मची, घायलों को पहुंचाया अस्पताल हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत कार से बाहर निकाला गया और नजदीकी सीएचसी असनावर में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों में निर्मला पत्नी रामबिलास, अंकित पुत्र रामबिलास, रामकवरी पत्नी परमानंद, राजू पुत्र कालूलाल और अंजू पत्नी कमल किशोर शामिल हैं। सूचना मिलने पर असनावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ड्राइवर का संतुलन बिगड़ने से हादसा होना बताया जा रहा है।