मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के माचलपुर में हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली हादसे में एक और घायल बच्ची साक्षी (10) ने दम तोड़ दिया है। झालावाड़ अस्पताल में इलाज के दौरान गुरुवार रात उसकी मौत हो गई। इस हादसे में अब तक चार लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें से तीन की मौत झालावाड़ अस्पताल में हुई है। झालावाड़ अस्पताल चौकी प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि सांवलपुरा, थाना माचलपुर निवासी दिनेश की पुत्री साक्षी (10) की बीती रात इलाज के दौरान मौत हो गई। वार्ड से सूचना मिलने पर शव को मॉर्च्युरी में रखवाया गया और माचलपुर पुलिस को सूचित किया गया। शुक्रवार को माचलपुर पुलिस ने झालावाड़ सरकारी अस्पताल पहुंचकर परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पोस्टमॉर्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। इसी सड़क हादसे में कुछ दिन पहले झालावाड़ अस्पताल में भर्ती सलोनी (10) और शिक्षक बालकिशन (45) की भी मौत हो चुकी है। हादसे में घायल सभी लोग एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। एक अन्य घायल की मौत मध्य प्रदेश के माचलपुर में हुई थी। यह हादसा मंगलवार रात को हुआ था। माचलपुर के गांव सांवलपुरा से नयागांव में एक विवाह समारोह में भोजन के लिए जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पीपल्याकुल्मी रोड स्थित तेजरा पेट्रोल पंप के पास एलएनटी मशीन ले जा रहे एक ट्रक से टकरा गई थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली अनियंत्रित होकर पास के नाले में पलट गई। यह घटना गांव से करीब 6 किलोमीटर दूर हुई थी। हादसे के समय ट्रॉली में लगभग 35 से 40 लोग सवार थे। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल माचलपुर अस्पताल पहुंचाया गया था।