झालावाड़ में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने शुक्रवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए कि 15 अगस्त का राष्ट्रीय पर्व गरिमा, अनुशासन और व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाया जाए। बैठक में कॉलेज निर्वाचन साक्षरता क्लबों (ईएलसी) को सक्रिय बनाकर 18 से 25 साल के अधिकाधिक युवाओं का मतदाता पंजीकरण सुनिश्चित करने और नियमित मतदाता जागरूकता अभियान चलाने पर भी विशेष जोर दिया गया। राष्ट्रीय पर्व की तैयारियों की समीक्षा मिनी सचिवालय सभागार में आयोजित बैठक में जिला कलेक्टर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने दायित्वों का समयबद्ध और समन्वित ढंग से निर्वहन करें तथा कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश आमजन तक पहुंचे। बैठक में तय किया गया कि सभी विभागाध्यक्ष अपने-अपने कार्यालयों में निर्धारित समय पर ध्वजारोहण करेंगे और इसके बाद विजयाराजे सिंधिया राजकीय खेल संकुल में आयोजित मुख्य समारोह में अनिवार्य रूप से शामिल होंगे। सुरक्षा से लेकर मंच व्यवस्था तक हर तैयारी समय पर पूरी करने के निर्देश जिला कलेक्टर ने समारोह स्थल पर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, चिकित्सा और अग्निशमन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को शहर एवं समारोह स्थल पर प्रभावी सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई। संबंधित विभागों को मंच, ध्वनि, प्रकाश, बैठक व्यवस्था, सजावट, राष्ट्रीय ध्वज और पेयजल की व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने तथा तैयारियों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए। परेड, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सम्मान समारोह पर भी फोकस मुख्य समारोह में होने वाली परेड और सामूहिक प्रस्तुतियों की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने नियमित रिहर्सल कराने, प्रतिभागी विद्यार्थियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान से संबंधित सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी करने को कहा। 14 अगस्त को पीजी कॉलेज में आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्या की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम में देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण की भावना से ओतप्रोत प्रस्तुतियां शामिल हों। कलाकारों और विद्यार्थियों के पूर्वाभ्यास के साथ मंच, ध्वनि, प्रकाश और बैठक व्यवस्था भी समय पर पूरी की जाए। कॉलेज निर्वाचन साक्षरता क्लबों को सक्रिय बनाने पर विशेष जोर स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों की समीक्षा के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी (कलेक्टर) अजय सिंह राठौड़ ने कॉलेज निर्वाचन साक्षरता क्लबों (College ELCs) की समीक्षा बैठक भी ली। उन्होंने जिले के सभी राजकीय, निजी और स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों में 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवाओं का अधिकतम मतदाता पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को मतदान के अधिकार, नैतिक मतदान और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जाए तथा निर्वाचन साक्षरता क्लबों की गतिविधियां पूरी तरह निष्पक्ष, गैर-राजनीतिक और नियमित हों। हर माह चलेंगे जागरूकता अभियान बैठक में नवप्रवेशित विद्यार्थियों की सूची तैयार करने, मतदाता पंजीकरण के दौरान व्यक्तिगत डेटा की गोपनीयता बनाए रखने, ईएलसी कार्यकारिणी का गठन, मासिक गतिविधियों के आयोजन तथा ईसीआई नेट, ऑनलाइन फॉर्म-6, 7 और 8, सीईओ राजस्थान वेबसाइट एवं ईएलसी रिपॉजिटरी के व्यावहारिक प्रशिक्षण पर विशेष बल दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक माह मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय दिवसों पर विशेष गतिविधियां हों और सभी कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार सोशल मीडिया के माध्यम से किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़ सकें। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी कमल सिंह यादव सहित निर्वाचन विभाग के अधिकारी और क्लब के सदस्य मौजूद रहे।