झालावाड़ जिले के खानपुर थाना क्षेत्र में जमीन खरीद-फरोख्त के नाम पर 53.50 लाख रुपए की कथित धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर रामबाबू उर्फ रामबाबू बैरागी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने 65 लाख रुपए में एक जमीन का सौदा तय किया, बाद में उसी जमीन को वास्तविक मालिकों के जरिए 1.10 करोड़ रुपए में बेच दिया। जिसमें उसने अधिकांश रकम खुद हड़प ली। जमीन के सौदे में कैसे हुआ विवाद पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि चीकली निवासी नवलकिशोर पुत्र रतनलाल ब्राह्मण (45) की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया। फरियादी के अनुसार, खानपुर स्थित स्टेट हाईवे के पास खसरा नंबर 2301 की 5 बीघा 10 बिस्वा भूमि का सौदा रामबाबू के साथ 65 लाख रुपए में हुआ था। आरोप है कि बाद में रामबाबू ने उसी भूमि का सौदा वास्तविक भूमि मालिकों से करीब 1.10 करोड़ रुपए में कर लिया और पूरी राशि स्वयं प्राप्त कर ली। फरियादी का कहना है कि उसे केवल 11.50 लाख रुपए दिए गए, जबकि शेष 53.50 लाख रुपए का गबन कर उसके साथ धोखाधड़ी की गई। जांच के बाद हुई गिरफ्तारी खानपुर थाने में दर्ज प्रकरण की जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सही मिले। इसके बाद 20 जुलाई को पुरानी रेंजरी, खानपुर निवासी हिस्ट्रीशीटर रामबाबू उर्फ रामबाबू पुत्र भंवरलाल बैरागी (41) को गिरफ्तार कर लिया गया। पहले भी दर्ज हैं आपराधिक मामले पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी रामबाबू हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2011 में एसीजेएम कोर्ट, बारां ने एक मामले में उसे 7 माह के कारावास और 200 रुपए के जुर्माने की सजा सुनाई थी। पुलिस अब उसके खिलाफ दर्ज अन्य धोखाधड़ी के मामलों की भी जांच कर रही है।