झालावाड़ में नवरात्र के समापन और दशहरे के मौके पर मंगलवार को गायत्री शक्तिपीठ पर 9 कुंडीय गायत्री महायज्ञ की पूर्णाहुति की गई। मां गायत्री माता, गुरुदेव व गुरुमाता की पूजा-अर्चना कर देश में अमन, शांति और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की गई। इसके बाद कन्या भोज भी कराया गया। गायत्री शक्तिपीठ के वरिष्ठ प्रतिनिधि मदन सिंह तंवर ने कहा कि दशहरा शौर्य, शक्ति और अच्छे स्वास्थ्य का पर्व है। यह बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है, जो हमें मर्यादा व अच्छे कर्मों की प्रेरणा देता है। इसी दिन खेजड़ी के बालाजी सेवा समिति ने भी दशहरा पर्व मनाया। श्री खेजड़ी बालाजी की प्रतिमा का मां नर्मदा के जल से अभिषेक किया गया। बालाजी का विशेष श्रृंगार कर भव्य आरती हुई और रात में सुंदरकांड का पाठ किया गया। खेजड़ी बालाजी स्थल पर पिछले 9 सालों से जन सहयोग से अखंड रामायण पाठ लगातार जारी है। इस आयोजन में समिति अध्यक्ष जितेंद्र गौड़ समेत कई भक्त मौजूद रहे।