झालावाड़ जिले के मिश्रोली थाना क्षेत्र के गुराड़िया जोगा गांव में सरपंच पद को लेकर रंजिश में मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित राजेश ने पाटीदार समाज के लोगों के साथ मिनी सचिवालय पहुंचकर एसपी अमित कुमार से मुलाकात की। उन्होंने मिश्रोली थाने में दर्ज मामले में कार्रवाई की मांग की। एसपी ने कार्रवाई के निर्देश दिए। पाटीदार समाज के प्रदेश संरक्षक एडवोकेट विष्णु पाटीदार की अगुवाई में समाज के लोगों ने एसपी को शिकायत दी। राजेश ने बताया कि 28 अक्टूबर को वह किसी काम से झालावाड़ गया था। शाम को गांव लौटने पर उसे पता चला कि कुछ लोग उसके परिवार के सदस्यों से गाली-गलौज कर रहे हैं। राजेश के मुताबिक मौके पर पहुंचने पर उसने अपने चचेरे भाई राहुल को तीन-चार लोगों के साथ देखा। उसने दिलखुश को फोन किया और वहां से जाने लगा। तभी कुछ लोग आए और ‘सरपंची का नशा चढ़ा है’ कहकर गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करने लगे। राजेश ने आरोप लगाया कि इसी दौरान एक व्यक्ति ने उसे लाठी मारी, जिससे वह नीचे गिर गया। उसने बताया कि उनके समाज के दिलखुश की पत्नी ने सरपंच पद का चुनाव जीता है। राजेश का आरोप है कि इसी वजह से कुछ लोग उनसे रंजिश रखते हैं। राजेश ने समाज के लोगों के साथ एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की।