झालावाड़ के राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल मुण्डेरी में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम हुआ। इसे नई किरण नशा मुक्ति केंद्र और लॉ कॉलेज झालावाड़ ने मिलकर आयोजित किया। कार्यक्रम में सखा-सखी के तौर पर चुने गए विद्यार्थियों ने दूसरे छात्रों को नशे से दूर रहने और अच्छी जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। केंद्र की प्रभारी डॉ. ममता चांवला ने बताया कि इसका मकसद नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसानों के बारे में जागरूक करना था। नशे का असर सिर्फ व्यक्ति पर नहीं, बल्कि पूरे परिवार पर पड़ता है। नीतेश कुमार सेन, यश शर्मा, दानिश सिद्दिकी, विद्या दांगी, कृतिका जैन, फाल्गुनी प्रजापति और मनीषा प्रजापति ने छात्रों को जागरूक किया। उन्होंने नशामुक्त जीवन और उज्ज्वल भविष्य बनाने का संदेश दिया। इस दौरान स्कूल प्रिंसिपल प्रकाश चंद सेवदा, अध्यापिका शीला चौधरी और अंकिता महेश्वरी भी मौजूद रहीं।