राजस्थान में पंचायती राज आम चुनाव के दूसरे चरण में झालावाड़ जिले की 142 ग्राम पंचायतों में चुनाव होंगे। दैनिक भास्कर न्यूज एप की टीम इन गांवों में पहुंची और पहली बार उन दावेदारों के नाम सामने लेकर आई जो सरपंच का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। गांवों में कई जगह दावेदारों की लंबी लिस्ट थी तो कई जगहों पर एकराय भी बनती नजर आई, लेकिन उस नाम पर भी अंतिम फैसला नामांकन के दिन ही होगा। दैनिक भास्कर आपको बता रहा है आपकी दूसरे चरण की बकानी, झालरापाटन, पिड़ावा और खानपुर पंचायत समिति की 142 ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए कौन बड़े दावेदार हैं। इन पंचायत समितियों में पंच-सरपंच के चुनाव 30 अक्टूबर को होंगे। सरपंच पद के लिए 29 अक्टूबर को नामांकन भरे जाएंगे। मतदान बैलेट पेपर से होगा। वोटिंग खत्म होने के बाद उसी दिन मतों की गिनती होगी और नतीजे घोषित किए जाएंगे। दूसरे चरण में झालरापाटन पंचायत समिति की 32, पिड़ावा की 45, बकानी की 25 और खानपुर पंचायत समिति की 40 ग्राम पंचायतों में चुनाव होंगे।