झालावाड़ जिले में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के तहत बकानी, झालरापाटन, खानपुर और पिड़ावा पंचायत समितियों की 142 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 1032 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। नामांकन जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया 29 अक्टूबर को पूरी होने के बाद प्रत्याशियों की अंतिम संख्या तय हो गई है। इन पंचायतों में 4 लाख 82 हजार 802 मतदाता 509 मतदान केंद्रों पर 30 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान करेंगे। जिला प्रशासन और पुलिस ने चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक इंतजाम किए हैं। बकानी में 171 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला पंचायत समिति बकानी की 25 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए कुल 269 नामांकन प्रस्तुत किए गए। संवीक्षा के बाद 268 नामांकन स्वीकृत हुए, जबकि 97 अभ्यर्थियों ने नाम वापस ले लिए। इसके बाद 171 प्रत्याशी चुनाव मैदान में शेष रहे। यहां 93 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। झालरापाटन की 32 ग्राम पंचायतों में 229 प्रत्याशी पंचायत समिति झालरापाटन में सरपंच पद के लिए 321 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किए। इनमें से 320 नामांकन पत्र स्वीकृत हुए तथा 91 अभ्यर्थियों ने नाम वापस लिए। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 32 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 229 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। यहां 109 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। खानपुर में 296 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला पंचायत समिति खानपुर में सरपंच पद के लिए 388 अभ्यर्थियों ने नामांकन प्रस्तुत किए। इनमें से 387 नामांकन पत्र स्वीकृत हुए तथा 91 अभ्यर्थियों ने नाम वापस ले लिए। इसके बाद 40 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 296 प्रत्याशी मैदान में शेष रहे। यहां 144 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे। पिड़ावा में सबसे ज्यादा 336 प्रत्याशी पंचायत समिति पिड़ावा में सरपंच पद के लिए 506 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किए। संवीक्षा के बाद 476 नामांकन पत्र स्वीकृत हुए तथा 140 अभ्यर्थियों ने नाम वापस लिए। इसके बाद 45 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 336 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। यहां 163 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। मतदान के बाद होगी मतगणना जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों की अंतिम संख्या निर्धारित की गई है। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने जरूरी व्यवस्थाएं की हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित मतदान केंद्रों पर मतगणना की जाएगी। इसके बाद 31 अक्टूबर को उप सरपंच पद के निर्वाचन की प्रक्रिया संपन्न होगी।