झालावाड़ पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 की तैयारियों के बीच मतदान दलों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनुपस्थित रहने पर चार कार्मिकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। संबंधित कार्मिकों को तीन दिवस के भीतर उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी रामचन्द्र खटीक ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। 13 अक्टूबर को प्रशिक्षण में नहीं पहुंचे कार्मिक उप जिला निर्वाचन अधिकारी रामचन्द्र खटीक ने बताया कि मतदान दलों का प्रशिक्षण कार्यक्रम 13 अक्टूबर को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, झालावाड़ के ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया था। संबंधित कार्मिकों को प्रशिक्षण में उपस्थित होने के लिए आदेशित किया गया था, लेकिन मतदान दल गठन प्रकोष्ठ के प्रभारी अधिकारी ने उनकी अनुपस्थिति की जानकारी दी। इसके बाद चारों कार्मिकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। इन चार कार्मिकों को जारी हुए नोटिस कालू राम राठौड़: वरिष्ठ अध्यापक, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बंजारों का खेड़ा, तहसील गंगधार। मतदान दल संख्या 70 में पीओ की जिम्मेदारी। मधुसूदन मीना: व्याख्याता, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सरेड़ी, तहसील मनोहरथाना। मतदान दल संख्या 1373 में आरओ की जिम्मेदारी। गजेन्द्र मोहन भट्ट: वरिष्ठ शिक्षक, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कनवाड़ा। मतदान दल संख्या 161 में पीओ की जिम्मेदारी। नवल किशोर: प्रशासनिक अधिकारी, कार्यालय मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, ब्लॉक मनोहरथाना। चुनाव जैसे महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही पर जवाब तलब नोटिस में कार्मिकों की अनुपस्थिति को चुनाव जैसे अति महत्वपूर्ण कार्य के प्रति लापरवाही और उदासीनता का द्योतक बताया गया है। सभी संबंधित कार्मिकों को तीन दिवस के भीतर अधोहस्ताक्षरकर्ता के समक्ष उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब नहीं देने पर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।