झालावाड़ में पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण की तैयारियां पूरी हो गई हैं। मतदान दल मंगलवार को अंतिम ट्रेनिंग के बाद राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, झालावाड़ से केंद्रों पर रवाना होंगे। 28 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। दूसरे चरण में बकानी, झालरापाटन, खानपुर और पिड़ावा पंचायत समिति क्षेत्रों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए चुनाव होंगे। पंच और सरपंच पदों के लिए 30 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी रामचंद्र खटिक ने बताया कि 509 मतदान केंद्रों और 142 ग्राम पंचायतों के लिए दल रवाना होंगे। ट्रेनिंग में प्रक्रिया, दिशा-निर्देश और सावधानियों की जानकारी दी जाएगी, ताकि चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण हो। कानून व्यवस्था के लिए 9 एरिया और 64 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात हैं। सुरक्षा में 20 पुलिस अधिकारी, 1715 पुलिस जवान, 509 होमगार्ड, 152 आरएसी और कोटा आईजी ऑफिस के 63 कर्मचारी ड्यूटी पर रहेंगे।