झालावाड़ पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने एक प्राइवेट बस में स्मैक की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से करीब 8 लाख रुपए कीमत की 38 ग्राम 72 मिलीग्राम अवैध स्मैक जब्त की गई है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि कोतवाली थानाधिकारी मुकेश कुमार मीणा के नेतृत्व में एक खास पुलिस टीम बनाई गई थी। जिला स्पेशल टीम से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने देवरीघटा एनएच-52 पर नाकाबंदी लगाई। नाकाबंदी के दौरान एक प्राइवेट बस में सवार दो संदिग्धों की तलाशी ली गई। तलाशी में पुलिस ने मुकेश कुमार तंवर (32) पुत्र पाचूलाल तंवर निवासी महुआखो, थाना अकलेरा और राकेश कुमार तंवर (19) पुत्र देवीसिंह तंवर निवासी लसूडिया गेन्द, थाना भालता के कब्जे से स्मैक बरामद की। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से स्मैक की खरीद-फरोख्त, सप्लाई और इससे जुड़े तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ और जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इस कार्रवाई में जिला स्पेशल टीम की खास मदद मिली।