झालावाड़ में अवैध हथियारों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सुनेल थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस मिला है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर यह अभियान चल रहा है। सुनेल थाना पुलिस की टीम गश्त पर थी, तभी आसिफ खां उर्फ आसिफ लाला (26) को पकड़ा गया। वह पिड़ावा में मस्तानशाह मस्जिद के पास का रहने वाला है। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा और पिड़ावा सीओ पूजा नागर की देखरेख में हुई। सुनेल थानाधिकारी अमरनाथ जोगी और उनकी टीम ने इसे अंजाम दिया। आरोपी आसिफ के खिलाफ सुनेल थाने में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच की जा रही है। जिले के सभी थानाधिकारियों को अवैध हथियारों की तस्करी पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।