झालावाड़ में मंगलवार को जिला जन अभियोग एवं सतर्कता समिति की मासिक बैठक मंगलवार को हुई। यह बैठक जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में मिनी सचिवालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। समिति के समक्ष कुल 6 मामले पेश किए गए, जिन पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। कलेक्टर ने प्रत्येक प्रकरण की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से वर्तमान स्थिति और की गई कार्रवाई की जानकारी ली। बैठक में 5 मामलों में आवश्यक कार्यवाही पूर्ण पाए जाने पर उन्हें ड्रॉप करने का निर्णय लिया गया। शेष एक प्रकरण में आवश्यक तथ्यों और प्रगति रिपोर्ट के अभाव में संबंधित विभागों को विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। इस प्रकरण को आगामी बैठक में पुनः प्रस्तुत किया जाएगा। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन शिकायतों और सतर्कता प्रकरणों के निस्तारण में गंभीरता बरतें। उन्होंने निर्धारित समय सीमा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर अनुराग भार्गव, भवानीमंडी एसडीएम श्रद्धा गोमे, समिति के सदस्यऔर संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।