झालावाड़ जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान 29.38 एमएम बारिश दर्ज की गई। बुधवार दोपहर करीब आधे घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश से शहर की सड़कें और निचले इलाके जलमग्न हो गए। तेज बहाव और जलभराव के कारण लोगों व वाहन सवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, लगातार सक्रिय मानसून से किसानों के चेहरों पर खुशी है और मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। अचानक बदला मौसम, आधे घंटे में बदले हालात बुधवार सुबह मौसम साफ रहा और धूप भी निकली, लेकिन दोपहर में अचानक काले बादल छा गए। इसके बाद करीब आधे घंटे तक तेज बारिश हुई, जिससे शहर की कई सड़कें पानी से भर गईं। तेज बहाव के कारण वाहन सवारों और राहगीरों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सक्रिय मानसून से किसानों को राहत, शहर में बढ़ी जलभराव की समस्या जिले में पिछले तीन दिनों से मानसून लगातार सक्रिय बना हुआ है। लगातार हो रही बारिश से किसानों को अच्छी फसल की उम्मीद जगी है, लेकिन शहरी क्षेत्रों में जलभराव की समस्या भी सामने आने लगी है। बारिश थमने के बाद ठंडी हवाएं चलने और तापमान में गिरावट से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने जारी रखा बारिश का अनुमान मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में भी जिले में मानसून सक्रिय रहेगा और बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। कहां कितनी हुई बारिश कंट्रोल रूम की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार सुबह से शाम 4 बजे तक झालावाड़ शहर में 12 एमएम, इकलेरा में 20 एमएम, असनावर में 4 एमएम, झालरापाटन में 12 एमएम, मनोहर थाना में 17 एमएम और पचपहाड़ में 1 एमएम बारिश दर्ज की गई। वहीं, रायपुर, बकानी, डग, गंगाधर, खानपुर, सुनेल और पिडावा में इस अवधि के दौरान बारिश दर्ज नहीं हुई। सुबह 8 बजे तक की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में जिले में कुल 382 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई।