झालावाड़ में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने वन विभाग के रेंजर और उनके ड्राइवर को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शनिवार को की गई। गिरफ्तारी के बाद एसीबी ने आरोपियों के घरों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान रेंजर विक्रम के जयपुर स्थित आवास से करीब ढाई लाख रुपए नकद बरामद हुए। हालांकि ड्राइवर के झालावाड़ स्थित घर से कोई संदिग्ध राशि नहीं मिली। दोनों आरोपी वन विभाग के गश्ती दल में तैनात थे। झालावाड़ एसीबी के साजिद खान ने बताया कि रेंजर विक्रम के जयपुर स्थित घर की तलाशी जयपुर की टीम ने ली थी, जहां अलमारी से यह राशि मिली। एडिशनल एसपी प्रेरणा शेखावत ने भी इसकी पुष्टि की है। एसीबी की टीम रविवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है। वन विभाग गश्ती दल में तैनात दोनों आरोपी शनिवार को एसीबी की टीम ने वन विभाग में बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग के गश्ती दल के क्षेत्रीय वन अधिकारी और विभागीय ड्राइवर को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। आरोपी क्षेत्रीय वन अधिकारी विक्रम रैगर और वन विभाग के वाहन ड्राइवर फिरोज को गश्ती दल में तैनात है, जिनको जिले के रायपुर क्षेत्र के रहने वाले इम्तियाज की शिकायत पर यह कार्रवाई की। इम्तियाज टिंबर ट्रेडिंग का कार्य करता है तथा लाइसेंस से लकड़ी खरीद कर सप्लाई बाहर भिजवाता है। फरियादी इम्तियाज ने शिकायत दी थी कि गश्ती दल द्वारा उससे 5000 रुपए प्रति गाड़ी रिश्वत मांगी जा रही है, बाद में 15 हजार की मासिक बंदी पर मामला तय हुआ है। पकड़े गए दोनों आरोपी इम्तियाज के वाहनों को पास कराने की एवज में मासिक बंधी की मांग कर रहे थे। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने उसका सत्यापन किया और फिर योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया।